शहीद-ए आजम भगत सिंह के समाजवाद की जगह भाजपा ने किया अडानीवाद स्थापित

शहीद-ए आजम भगत सिंह के समाजवाद की जगह भाजपा ने किया अडानीवाद स्थापित
March 26 16:21 2023

करनाल (मजदूर मोर्चा) शहीद-ए आजम भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव ने जिन उदेश्यों के लिए बलिदान दिया था उन उदेश्यों से मौजूदा भाजपा सरकार पूरी तरह से भटक चुकी है। आज भगत सिंह के समाजवाद, शोषण विहीन, सामाजिक समानता पर आधारित व्यवस्था को खत्म करने का काम मौजूदा सरकार ने किया है। यह बात कांग्रेस के जिला संयोजक सरदार त्रिलोचन सिंह ने कही। उन्होंने शहीद-ए-आजम भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के शहादत दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। शहीदों ने जो सपने देखे थे, उन सपनों को भाजपा सरकार ने चकनाचूर कर दिया है। भाजपा की नीतियों के कारण समाज में गरीबी व अमीरी के बीच खाई लगातार बढ़ती जा रही है।

आजादी के 75 सालों में जो कांग्रेस और पूर्व की सरकारों ने देश में सरकारीकरण को आगे बढ़ाया। समाज के लिए कल्याणकारी नीतियां बनाई, मजदूरों, किसानों को आर्थिक आजादी दिलाने की दिशा में काम किया। अनुसूचित जाति, दलित, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के कल्याण के लिए काम किया। देश को धर्मनिरपेक्षता के रास्ते पर आगे बढ़ाया, लेकिन भाजपा ने सारी व्यवस्था, सरकारी उपक्रमों को अपने पूंजीपति मित्रों के हाथों बेचने का काम किया। भाजपा ने देश के धर्मनिरपेक्ष स्वरूप और सामाजिक सदभाव के तांने-बाने को बिगाडऩेे का काम किया। उन्होंने कहा कि देश को आजादी इतनी आसानी से नहीं मिली है। देश की स्वतंत्रता के लिए लाखों वीर सपूतों ने अपने प्राण दिए है। भगत सिंह, राजगुरु व सुखदेव भी उन्हीं वीरों में से हैं।

भगत सिंह, राजगुरु व सुखदेव देशभक्त के साथ निडर और साहसी थे। उनके साहस से अंग्रेज थर-थर कांपते थे। देश की आजादी के लिए भगत सिंह, राजगुरु व सुखदेव ने चंद्रशेखर आजाद के साथ मिलकर संघर्ष किया और हंसते-हंसते फांसी पर झुल गए। मां भारत के वीर सपूत भगत सिंह, राजगुरु व सुखदेव ने देश के लिए जो बलिदान व त्याग किया है देश सदा उनका ऋणी रहेगा। त्रिलोचन सिंह ने कहा कि कांग्रेस शहीदों के सपनों को साकार रूप देने की दिशा में काम कर रही है और आगे भी करती रहेगी।

  Article "tagged" as:
  Categories:
view more articles

About Article Author

Mazdoor Morcha
Mazdoor Morcha

View More Articles