निगम अधिकारियों के खिलाफ हत्या का मुकद्दमा दर्ज हो : पारस भारद्वाज

निगम अधिकारियों के खिलाफ हत्या का मुकद्दमा दर्ज हो : पारस भारद्वाज
April 17 07:57 2022

फरीदाबाद। शिवदुर्गा विहार के हरीश वर्मा उर्फ हन्नी की सेक्टर 56 खुले सीवर में गिरकर हुई मौत पूरे शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग अपना दु:ख व्यक्त कर रहे है। शहर की प्रमुख समाजसेवी संस्था सेव फरीदाबाद के पदाधिकारियों ने फरीदाबाद नगर निगम के मुख्यालय पर मोमबत्ती जला कर अपनी श्रद्धांजलि प्रकट की व प्रशासन के खिलाफ अपना रोष व्यक्त किया।

संस्था के संयोजक पारस भारद्वाज ने कहा कि फरीदाबाद शहर में युद्ध के से हालात हो गए हैं। सुबह घर से निकला हुआ व्यक्ति का भरोसा नहीं है की वो सही सलामत वापिस घर आएगा या प्रशासन की लापरवाही का ग्रास बन जायेगा। शहर में जगह जगह सीवर के ढक्कन खुले हुए हैं जिससे रोज हादसे हो रहे हैं और शहर के लोग अपनी जान से हाथ धो रहे हैं। निगम में भ्रष्टाचार इतनी गहरी जड़े जमा चुका है कि ना तो निगम के खजाने में कर्मचारियों की तनख्वाह देने के लिए पैसा बचा है ना ही सीवर के ढक्कन जैसी छोटी छोटी सुविधाओं के लिए ही कोई रकम बची है। 200 करोड़ के घोटाले में चौंकाने वाले नामों का खुलासा होना तय है। और ना जाने कितने ही ऐसे घोटाले नेताओं और निगम के बड़े अधिकारियों के मार्फत इस शहर में हुए हैं। आज फरीदाबाद की जनता त्राहि त्राहि कर रही है, घरों के चिराग बुझ रहे हैं और सत्ता पक्ष केवल मलाई चाटने में व्यस्त है। गौरतलब है कि पिछले 5 सालों में अनेक मौतें शहर में निगम की लापरवाही से हुई हैं फिर वह चाहे सीवर में गिरने से हुई हों , हार्डवेयर प्याली रोड के गड्ढों से दुर्घटना में हुई हों, अंडर पास में डूबने से हुई हों , सांड के मारने से बुर्जुग की मौत हो या फिर नंगी तारों से करंट लगने पर हुई मौत हों फहरिस्त लम्बी है। निगम केवल चालान काटने, गरीबों के घर उजाडऩे और रेहड़ी पटरी वालों के रोजगार छीनने तक ही सीमित रह गया है। सेव फरीदाबाद संस्था ने सरकार और प्रशासन से पीडि़त परिवार के लिए 1 करोड़ रुपये और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराने की मांग रखी है।

ध्यान रहे, जब तक हत्यारों के विरुद्ध मुकदमे दर्ज नहीं होंगे अथवा शहरवासी उदासीन बने रहेंगे, आम लोग यूं ही भ्रष्टाचार की बलिवदी पर चढते रहेंगे। श्रद्धांजलि देने में प्रवासी जनसेवा समिति के अमित शर्मा , भगत सिंह , हेमंत पंडित , रविंदर शेखावत , डॉक्टर सनत सेन , सेव फरीदाबाद केछ अरुण यादव्। राजेश कुमार , इंद्रा कोठरी, चित्र सिंह , केतन सूरी , कपिल आर्य , इमरान खान , राम सिंह यादव व् अनेक गणमान्य समाजसेवी उपस्थित रहे।

  Article "tagged" as:
  Categories:
view more articles

About Article Author

Mazdoor Morcha
Mazdoor Morcha

View More Articles