फरीदाबाद (म.मो.) नारनौल निवासी उपेन्द्र मल्होत्रा अपनी गम्भीर बीमारी के चलते सेक्टर 10 स्थित पार्क अस्पताल में दाखिल हुए थे। दिनांक 14/9/2020 को उनका देहांत हो गया। उनकी वकील बहन हरशरण कौर ने नगर निगम बल्लबगढ़ से उनका विधिवत मृत्यु प्रमाणपत्र बनवा लिया। उधर नारनौल में उनकी पत्नी सपना ने फजीवाड़ा करके नगर परिषद नारनौल से दिनांक 24/9/2020 को फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र बनवा लिया।
पत्नी सपना ने अपने पति की मृत्यु पारस मुहल्ला नारनौल स्थित अपने घर में होने के फर्जी दस्तावेज़ तैयार करके उक्त मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाया। इस फजीवाड़े में बीणा देवी नामक एक आशा वर्कर तथा पार्षद मीना सोनी ने उक्त फर्जी दस्तावेजों को प्रमाणित किया। इन फर्जी दस्तेवेजों के आधार पर नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी अभय सिंह ने फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र जारी कर दिया।
बहन हरशरण कौर द्वारा कार्यकारी अधिकारी अभय सिंह से उक्त मृत्यु प्रमाणपत्र व सम्बन्धित दस्तावेजों की जानकारी आरटीआई द्वारा मांगने पर उन्हें नहीं दी गई। हरशरण कौर ने इसकी अन्तिम अपील मुख्य सूचना आयुक्त हरियाणा यशपाल सिंघल को की। लम्बी सुनवाई के बाद सूचना आयुक्त ने अभय सिंह पर 25000 रुपये का जुर्माना किया और सम्बन्धित दस्तावेज़ दिलवाये।
दरअसल इस फजीवाड़े के पीछे बीमा क्लेम तथा बैंकों में जमा उपेन्द्र मल्होत्रा की जमा राशि, जो करीब 20 लाख रुपये थी, हड़पने का मामला है। पत्नी सपना द्वारा किये जा रहे दुर्व्यवहार से दुखी उपेन्द्र मल्होत्रा पिछले कई वर्षों से अलग रहते थे। बीमारी के दौरान भी वे इलाज हेतु वकील बहन के पास ही फरीदाबाद आये और इलाज हेतु यहां के अस्पताल में दाखिल हुए। इस दौरान सारी देख-भाल व खर्चा आदि बहन हरशरण कौर ही करती रही। लेकिन मृतक मल्होत्रा का सारा पैसा पत्नी सपना ने हड़प लिया बल्कि नारनौल स्थित मकान पर भी कब्जा जमाये बैठी है।
इतना ही नहीं मल्होत्रा के माता-पिता जो नारनौल में ही अपने मकान में ही रहा करते थे उन्हें भी सपना ने परेशान कर करके खदेड़ कर उन्हें अपनी बेटी हरशरण कौर के पास फरीदाबाद आकर रहने को मजबूर कर दिया। इस परेशानी के चलते व बेटे मल्होत्रा की मृत्यु के गम को न सह पाने की सूरत में हरशरण की मां भी 12 जनवरी 2022 को चल बसी।