लाइफ लांग कंपनी प्रबंधन के खिलाफ दर्ज हो हत्या का केस

लाइफ लांग कंपनी प्रबंधन के खिलाफ दर्ज हो हत्या का केस
March 31 07:05 2024

एआईयूटीयूसी ने की रेवाड़ी हादसे में मरने वाले मज़दूरों के परिजनों को एक-एक करोड़ मुआवजा देने की मांग

रेवाड़ी। लाइफ लांग कंपनी में हुए दर्दनाक हादसे के विरोध में और सरकार के उदासीन रैवये के खिलाफ शहर में जुलूस निकाल कर उपायुक्त की मार्फत मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया। इससे पहले नेहरू पार्क में हादसे में मृत श्रमिको को दो मिनट का मौन रख कर उन्हें श्रद्धाजलि अर्पित की गई, इसमें वकीलों समेत काफी संख्या में सामाजिक संगठनों, प्रबुद्ध नागरिकों ने हिस्सा लिया।

केंद्रीय ट्रेड यूनियन एआईयूटीयूसी के राज्य प्रधान कामरेड राजेन्द्र सिंह एडवोकेट ने प्रदर्शनकरियो को संबोधित करते हुए कहा कि यह हादसा अनायास नही हुआ है बल्कि इसकी जानकारी प्रबंधक कंपनी को पहले से ही थी, क्योंकि तीन बॉयलर की जगह केवल एक ही बॉयलर काम कर रहा था और उसकी भी लंबे समय से सर्विस नही करवाई गई थी। श्रम विभाग के अधिकारी आंख बंद करके बैठे रहे जबकि श्रमिक श्रम विभाग को इस बारे शिकायत कर चुके थे। कंपनी की तरफ से श्रमिकों को सावधानी परिधान और सुरक्षा किट इत्यादि उपलब्ध नही करवाए गए, जबकि ये सब मांगें श्रमिक प्रबंधक के सामने उठाते आ रहे थे।

बॉयलर भी दो बार पहले फट चुका था। चिंता जताते हुए कहा कि एक के बाद एक 10 श्रमिको की मौत हो चुकी है और यह सिलसिला जारी है। इस हादसे से हर कोई नागरिक दुखी है। कंपनी के श्रमिकों की आखो में आंसू हैं, उनके साथ काम करने वाले उनकी आँखों के सामने से ही एक के बाद जा रहे है। इतने बड़े हादसे और जन हानि के बावजूद कंपनी एक दिन भी बंद नही हुई। मुनाफा खोरी व्यवस्था की यही बर्बरता और असभ्यता है। प्रबंधक श्रमिको को गाजर मूली समझते हैं जो हर रोज मंडी में नई आ जाती है। इनके लिए श्रमिकों का यही महत्व है।

मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन में मांग की गई कि प्रबंधक के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया जाए। मृतक के परिवारजनों को एक एक करोड़ और घायलों को 50 लाख मुआवजा दिया जाए। मृतक के परिवारजन को स्थायी नोकरी दी जाए। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति ना हो ,उसके लिए कारगर कदम उठाए जाएं। श्रम विभाग की भूमिका की भी जांच की जाए। किसान नेता अशोक कुमार मूसेपुर रामकुमार निमोठ, राकेश कुमार अमर सिंह राजपुरा ,अमृत लाल,करण सिंह, मनोज यादव ,सोमेंद्र यादव, सुरेन्द्र रोहिला, सोनपाल, जोगिंदर, सूर्यकांत,बीरसिंह,अमित ,आयुष सुनीता एडवोकेट्स इत्यादि शामिल थे।

  Article "tagged" as:
  Categories:
view more articles

About Article Author

Mazdoor Morcha
Mazdoor Morcha

View More Articles