टिकैत पर स्याही फैंकने का मामला किसान नेता टिकैत पर किए गए हमले को लेकर भाकियू ने सीएम सिटी में निकाला रोष मार्च, सौंपा ज्ञापन
करनाल। देश के प्रमुख किसान नेता राकेश टिकैत के उपर गत दिवस कर्नाटक के बैंगलूर शहर में पत्रकार वार्ता के दौरान फैंकी गई स्याही के मामले से खफा हुए भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के बैनर तले सैंकडों किसानों ने सीएम सीटी में सडक़ों पर उतर कर जोरदार प्रदर्शन किया। इससे पूर्व किसानों ने स्थानीय जाट धर्मशालाा में एकत्रित होकर किसान पंचायत का आयोजन किया।
भाकियू के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह घुम्मन व किसान नेता यशपाल राणा की अगुवाई में शहर की जाट धर्मशाला से लेकर मिनी सचिवालय तक रोष मार्च भी निकाला गया। इस प्रदर्शन में भाकियू छोटूराम के सदस्य भी शामिल रहे। जिला के मिनी सचिवालय पर प्रदर्शनकारी किसानों ने पहुंच कर जिला खजाना अधिकारी रामनिवास खर्ब को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंप कर कर्नाटका सरकार को इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच करवा कर दोषियों को कड़ी सजा दी जाने की मांग की गई।
ज्ञापन में भविष्य में ऐसी घटना को रोकने के लिये व राकेश टिकैत जी की सुरक्षा के लिए जैड प्लस सुरक्षा मुहैया कराने की पुख्ता व्यवस्था की किए जाने की मांग भी की गई। भाकियू के आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि देश में इस तरह के षडय़ंंत्र रच कर भाजपा अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास कर रही है। लेकिन देश में किसान ऐसा नही होंने देंगे। किसानों ने आरोप लगाते हुए कहा कि टिकैत पर फैंकी गई स्याही की यह घटना मात्र स्याही फैंकना नही है, बल्कि टिकैत पर जानलेवा हमला किया गया है। वॉयरल हुई वीडियों में साफ दिखाई दे रहा है। इस घटना में कर्नाटका सरकार की भूमिका होंने से इंकार नही किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस घटना से किसान समुदाय स्तब्ध है। घटना को लेकर हरियाणा प्रदेश सहित पूरे देश के किसानों में भारी रोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि प्रजातंत्र का ढिढ़ौरा पीटने वाली भाजपा सरकार के शासन में फिर ऐसी शर्मनाक घटना क्यों घटित हो रही है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग करते हुए कहा कि इस घटना के साजिशकर्ताओं पर तुरंत कार्यवाही करके सलाखों के पीछे भेजा जाए। इसके साथ ही भाजपा सरकार किसान नेता टिकैत से तुरंत माफी भी मांगे।
आंदोलित किसानों ने गहरा संदेह जताते हुए कहा कि कोई भी शरारती व्यक्ति ऐसी घटना की आड़ में आसानी से जानलेवा घटना को भी अंजाम दे सकता था। अगर भाजपा के लोग ऐसी हरकत को पसंद करते हैं तो किसानों के भी हाथ बंधे हुए नही है।
भाकियू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस घटना पर तुरंत संज्ञान लेने की मांग करते हुए किसान नेता राकेश टिकैत को जेड श्रेणी की सुरक्षा दिए जाने की जोरदार मांग की। इस अवसर पर पूर्व संगठन मंत्री शाम सिंह मान, सुरेंद्र सागवान, युवा नेता नरेंद्र धूमसी, युवा किसान नेता बहादुर मैहला बलड़ी, युवा जिलाध्यक्ष गुरनाम सिंह संधू, धनेतर राणा, दिलावर डबकौली, राम सिंह, राम दुरेजा, ऋषिपाल दुपेढ़ी, सुनील नली, कृष्ण जागलान, यशपाल राणा, पप्पू लाठर, संदीप ठरी, मेहताब सिंह विर्क, अमृत बुग्गा, बहादुर मैहला बलड़ी, सतबीर गढ़ी बीरबल, अंग्रेज सिंह लाठर, हुकम सिंह दादुपुर सहित काफी संख्या में किसान शामिल थे।