अश्लील नृत्य के जरिए वोटरों को लुभा रहे संस्कारी पार्टी के कार्यकर्ता

अश्लील नृत्य के जरिए वोटरों को लुभा रहे संस्कारी पार्टी के कार्यकर्ता
May 19 07:17 2024

बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली कथित संस्कारी भाजपा के कद्दावर कहे जाने वाले प्रत्याशी कृष्णपाल गूूजर की जनसभा में भीड़ जुटाने के लिए अश्लील डांस का सहारा लिया जा रहा है। जनता को विकास के नाम पर नहीं बल्कि नर्तकी के शो के नाम पर बुलाया जा रहा है।

चुनाव करीब आते ही जन समर्थन प्राप्त करने के लिए सभी प्रत्याशी जनसभा आदि कर रहे हैं। मंगलवार की शाम वार्ड 25 (तिगांव) में कृष्णपाल गूजर के कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम का ऐलान तीन चार दिन पहले से ही कर रखा था लेकिन जनता ने कोई उत्साह नहीं दिखाया। आखिर में कार्यक्रम में युवाओं की भीड़ जुटाने के लिए उत्तेजक नृत्य का आयोजन रखा गया। शाम को स्थानीय भाजपा नेता और संघ के पदाधिकारी स्टेज पर पहुंचे लेकिन लोग नहीं आए। इस पर स्टेज पर नर्तकी को उतारा गया जिसने नृत्य के नाम पर अश्लील गानों पर उत्तेजक भाव भंगिमाएं दिखानी शुरू कर दीं।

भीड़ तो क्या जुटनी थी कार्यक्रम में आए चंद लफंडर स्टेज पर चढ़ कर डांस करने और रुपये लुटाने में लग गए। आयोजकों ने उन्हें बमुश्किल स्टेज से उतारा रुपये लुटाने से रोका लेकिन नर्तकी को नहीं रोका गया। कथित संस्कारी पार्टी के कार्यक्रम में अश्लील नृत्य होने के कारण सभ्य लोगों में और परिवार वालों में रोष व्याप्त हो गया। वहां कुछ लोगों को टिप्पणी करते भी सुना गया कि जनसमर्थन बटोरने के नाम पर जो अश्लीलता फैलाई जा रही है यही भाजपा प्रत्याशी के पतन का कारण बनेगी। बहन बेटी और परिवार वाले समाज में इस तरह के अश्लील सार्वजनिक कार्यक्रम करा कर भाजपा आम आदमी को क्या संदेश देना चाह रही है?

संस्कारी पार्टी के अजेय प्रत्याशी कृष्णपाल गूजर द्वारा इस तरह का कार्यक्रम कराया जाना स्पष्ट संकेत है कि उन्हें अपनी निश्चित हार नजर आ रही है और वो येन केन प्रकारेण, वोट हासिल करना चाहते हैं। इसके लिए वो अश्लीलता की हद तक भी जा सकते हैं। चंद मनचलों और शोहदों के अलावा कार्यक्रम में आम जनता और परिवार वाले लोग नहीं पहुंचे इस कारण कार्यक्रम भी बुरी तरह फ्लॉप रहा।

  Article "tagged" as:
  Categories:
view more articles

About Article Author

Mazdoor Morcha
Mazdoor Morcha

View More Articles