बच्चा लाल ‘उन्मेष’
आपके हिंदू राष्ट्र में चमार कहाँ रहेंगे? हमारी जूती के नीचे, मरी गायों के पीछे अकेला में रहेंगे!
आपके हिंदू राष्ट्र में अहीर कहाँ रहेंगे? हमारे महल के पीछे, बाग बगियन के नीचे तबेला में रहेंगे!
आपके हिंदू राष्ट्र में गडेरिया कहाँ रहेंगे? हमारी ऊनी गद्दी के नीचे, अपने भेड़ों के पीछे रेला में रहेंगे!
आपके हिंदू राष्ट्र में भंगी कहाँ रहेंगे? हमारे नालों के नीचे, हमारे पैखानों के पीछे हेला में रहेंगे!
आपके हिंदू राष्ट्र में नाई कहाँ रहेंगे? हमारी मूँछ के नीचे, बढ़े नाखून के पीछे थैला में रहेंगे!
आपके हिंदू राष्ट्र में लोहार कहाँ रहेंगे? हमारे तवा के नीचे, अपनी फुकनी के पीछे चैला में रहेंगे!
आपके हिंदू राष्ट्र में धोबी कहाँ रहेंगे? हमारे मोजा के नीचे, उड़ते रेह के पीछे मैला में रहेंगे!
आपके हिंदू राष्ट्र में कोइरी कहाँ रहेंगे? हमारे जूठन के नीचे, हमारे खेतन के पीछे ढेला में रहेंगे!
आपके हिंदू राष्ट्र में माली कहाँ रहेंगे? हमारी बगिया के पीछे, उगे काँटों के नीचे ठेला में रहेंगे!
आपके हिंदू राष्ट्र में चौरसिया कहाँ रहेंगे? हमारे दाँत के नीचे, बस पान के पीछे मेला में रहेंगे!
आपके हिंदू राष्ट्र में कुर्मी कहाँ रहेंगे? हमारे कोल्हू के नीचे, हमारे बैलों के पीछे पतेला में रहेंगे!
आपके हिंदू राष्ट्र में केवट कहाँ रहेंगे? धुले पाँव के नीचे,राजा राम के पीछे बन के चेला रहेंगे!
आपके हिंदू राष्ट्र में औरतें कहाँ रहेंगी? हम पुरुषों के नीचे और घूँघट के पीछे चूल्हा में रहेंगी!
आपके हिंदू राष्ट्र में आप कहाँ रहेंगे? तुम्हारे गर्दन के नीचे, तुम्हारे हक़ के पीछे इसी खेला में रहेंगे!