करनाल। जिला कांग्रेस संयोजक त्रिलोचन सिंह ने नगर निगम आयुक्त व मेयर को पत्र लिखकर स्मार्ट सिटी की गलियों में कूड़ा उठाने में बरती जा रही लापरवाही का मुद्दा उठाया है। पिछले कई महीनों से नगर निगम के ठेकेदार मनमानी कर रहे हैं। शहर के काफी इलाकों में कूड़ा उठाने के लिए वाहन नियमित तौर पर नहीं भेजे जा रहे। इस परेशानी से बचने के लिए लोगों ने निजी तौर पर सफाई कार्य करने वालों को अपने घरों के आसपास कूड़ा उठाने के लिए काम पर लगा लिया। प्राइवेट रेहड़ी लेकर कूड़ा उठान करने वाले लोगों को ठेकेदारों ने पहले डंपिंग प्वाइंट दे रखे थे, लेकिन अब ठेकेदार डंपिंग प्वाइंट पर कूड़ा फेंकने की इजाजत उक्त लोगों को नहीं दे रहे। इधर निजी तौर पर काम करने वाले लोगों ने रोष स्वरूप एलान कर दिया है कि एक फरवरी से वह कूड़ा उठाने का काम नहीं करेंगे, क्योंकि कूड़ा उठाने के बाद डंपिंग के लिए उन्हें कोई स्थान उपलब्ध नहीं है। कांग्रेस जिला संयोजक त्रिलोचन सिंह का कहना है कि नगर निगम आयुक्त व मेयर ठेकेदारों की मनमानी पर रोक लगाएं। कूड़ा उठान बंद हुआ तो स्मार्ट सिटी की गलियां कचरे के ढेरों से अट जाएंगी। स्मार्ट सिटी पर धब्बा लग जाएगा। त्रिलोचन सिंह ने सवाल उठाए कि नगर निगम ठेकेदारों को क्यों मनमानी करने की छूट दी जा रही है। क्या इसमें सत्ताधारी नेताओं की मिलीभगत है क्या नगर निगम अधिकारियों की आंखों पर पट्टी बंधी हुई है। उन्होंने कहा कि अगर जल्द समस्या का हल नहीं किया जाता तो कांग्रेस कार्यकर्ता सडक़ों पर उतरने के लिए मजबूर होंगे।