पूर्व भाजपा नेता ने महिला मित्र को अब बताया ‘बहन’ चार महीने बाद याददाश्त लौटी शुगरफेड के पूर्व चेयरमैन कथूरिया की

पूर्व भाजपा नेता ने महिला मित्र को अब बताया ‘बहन’  चार महीने बाद याददाश्त लौटी शुगरफेड के पूर्व चेयरमैन कथूरिया की
September 26 12:37 2020

 

करनाल, (म.मो.) : चंडीगढ़ में एक दफ्तर की तीसरी मंजिल से छलांग लगाने वाले पूर्व भाजपा नेता और शुगरफेड के पूर्व चेयरमैन चंद्र प्रकाश कथूरिया की याददाश्त वापस आ गई है। चार महीने बाद सारे मामले में उन्होंने अपना पक्ष भी रखा है।

एक महिला से जुड़े इस कथित मामले में चर्चा का केंद्र बने कथूरिया ने अपनी सफाई पेश की है। मालूम हो कि जब महिला से जुड़ा वीडियो वायरल हुआ और कथूरिया घायल हुए तो भाजपा ने उन्हें पार्टी से निकाल दिया था।

कथूरिया ने कहा कि जिस महिला के साथ उनका वीडियो वायरल हुआ था वो उनकी बहन है। उन्होंने कांग्रेस नेता सरदार त्रिलोचन सिंह और उनके रिश्तेदारों पर गंभीर आरोप लगाए। इतना ही नहीं भाजपा के कुछ लोगों पर भी कथूरिया ने निशाना साधा। हालांकि भाजपा के किसी नेता पर अपने खिलाफ साजिश रचने का न तो आरोप लगाया और न नाम लिया। वह संकेतों में बात करते रहे। कथूरिया ने इस मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

इस बीच कांग्रेस नेता सरदार त्रिलोचन सिंह ने भी पलटवार करते हुए कहा कि सच्चाई सामने आनी चाहिए। मामले की जांच सीबीआई से कराई जाए ताकि दूध का दूध पानी का पानी हो सके। उन्होंने कथूरिया के सभी आरोपों को झूठा और बेबुनियाद बताया।

बता दें कि कथूरिया को मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का बहुत करीबी बताया जाता था। इसी वजह से उन्हें शुगरफेड का चेयरमैन भी बनाया था। करीब चार महीने पहले 22 मई 2020 को चंडीगढ़ में वही कथूरिया एक मकान की दूसरी मंजिल से कूद गए। उनके पैर में चोट आई। उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि कथूरिया 22 मई की शाम ऑफिशियल काम के चलते एक महिला मित्र से मिलने पहुंचे थे। इस दौरान किसी ने मकान की बेल बजाई।  कथूरिया सामने नहीं आना चाहते थे, इसलिए वे किसी कपड़े के सहारे पीछे बालकनी से दूसरी मंजिल से कूद गए और उनकी टांग टूट गई।

पीजीआई में भर्ती कराया

चंद्रप्रकाश के घायल होने के बाद लोगों की भीड़ भी जमा हो गई, जो वीडियो बनाने लगे। सूचना पर पुलिस उन्हें तुरंत पीजीआई लेकर पहुंची। पुलिस ने बयान लेने के लिए डॉक्टर्स से परमिशन मांगी, लेकिन डॉक्टर ने चंद्रप्रकाश को इसके लिए अनफिट बताया। चंद्रप्रकाश को फोर्टिस अस्पताल में रेफर कर दिया गया है।

अय्याश भाजपा नेता की करतूतें उजागर- प्रदीप छाबड़ा

इस मामले में चंडीगढ़ कांग्रेस के प्रधान प्रदीप छाबड़ा ने उस समय कहा था कि पहले हरियाणा के एक बीजेपी अध्यक्ष के बेटे की बातें लोग भूले नहीं थे। अब एक और अय्याश भाजपा नेता की करतूतें उजागर हो गई हैं। ये ही इनका चाल, चरित्र और चेहरा है।

  Article "tagged" as:
  Categories:
view more articles

About Article Author

Mazdoor Morcha
Mazdoor Morcha

View More Articles